श्रीनगर , मार्च 03 -- जम्मू-कश्मीर सरकार ने सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनज़र कश्मीर घाटी में प्रीपेड मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है, जबकि पोस्टपेड मोबाइल डेटा की गति घटाकर 2जी कर दी गयी है। यह प्रतिबंध बुधवार शाम आठ बजे तक प्रभावी रहेगा।कश्मीर ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), जो दूरसंचार सेवा के अस्थायी निलंबन नियम, 2024 के तहत अधिकृत अधिकारी हैं, ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपीएस) और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (आईएसपीएस) को निर्देश दिया है कि वे पोस्टपेड मोबाइल डेटा सेवाओं (5जी/4जी/3जी) की गति घटाकर अधिकतम 128 केबीपीएस (2जी स्पीड) कर दें। साथ ही प्रीपेड मोबाइल सेवायें, जिनमें प्री-ऑन-पोस्ट (जेके10) डेटा, वॉयस और एसएमएस शामिल हैं, बंद कर दी जायें।
यह पाबंदियां एक मार्च सुबह नौ बजे से पूरी घाटी में लागू की गयी थीं। आदेश में कहा गया है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के निधन के मद्देनज़र उच्च गति इंटरनेट और प्रीपेड सेवाओं के जारी रहने से सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती ने अधिकृत अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों की पुष्टि करते हुए कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता और अखंडता, केंद्र शासित प्रदेश की सुरक्षा तथा सार्वजनिक व्यवस्था बनाये रखने के हित में ये कदम 'पूर्णतः आवश्यक' पाये गये।
यह पुष्टि दूरसंचार अधिनियम, 2023 की धारा 20(2)(बी) के साथ पढ़े जाने वाले नियम 3(1) के तहत जारी की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित