श्रीनगर, सितंबर 30 -- मौसम विज्ञान केंद्र ने पांच और छह अक्टूबर के दौरान जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है, साथ ही इस दौरान दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ सकती है।

मौसम केन्द्र के मुताबिक चार अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, उसी दिन देर शाम या रात में हल्की बारिश, गरज और तेज़ हवायें चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि पांच से सात अक्टूबर तक सामान्यत: बादल छाये रहेंगे और कई जगहों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। साथ ही उत्तर, मध्य और दक्षिण कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों, चिनाब घाटी और मार्गन टॉप और सिंथन टॉप जैसे महत्वपूर्ण पर्वतीय दर्रों पर हिमपात भी हो सकता है। इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और पहाड़ाें से पत्थर गिरने की चेतावनी दी गयी है।

मौसम विभाग ने कहा, " पांच और छह अक्टूबर को दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ सकती है।" विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे धान और अन्य बागवानी, फसलों की कटाई इससे पहले पूरी कर लें और चार अक्टूबर की दोपहर तक सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित कर लें। यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों, पर्यटकों और ट्रेकर्स से भी आगामी मौसम संबंधी गड़बड़ी के मद्देनजर चेतावनी को ध्यान में रखते हुए आवागमन की योजना बनाने का आग्रह किया गया है।

मौसम विभाग ने कहा कि आठ से 10 अक्टूबर के बीच मौसम में फिर से सुधार होने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस बीच, कश्मीर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक और जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। कश्मीर संभाग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान मुजफ्फराबाद में 35.5 डिग्री सेल्सियस और जम्मू संभाग में मीरपुर में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में न्यूनतम तापमान कश्मीर संभाग के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से एक से तीन डिग्री अधिक और जम्मू संभाग के कई हिस्सों में सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। कश्मीर संभाग में पहलगाम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस और जम्मू संभाग में बनिहाल में 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित