श्रीनगर , दिसंबर 23 -- कश्मीर घाटी में हिमपात और बारिश के बाद मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक बादल छाये रहने के बावजूद मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि घाटी में 23-28 दिसंबर तक मौसम आंशिक रूप से या सामान्यतः बादल छाये रहने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि29 दिसंबर को बाद में मौसम आमतौर पर बादल छाये रहने वाला रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि घाटी में 30 दिसंबर से एक जनवरी तक मौसम बादल छाए रहने के साथ-साथ मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि बाद में घाटी में दो से पांच जनवरी तक मौसम आंशिक रूप से या सामान्यतः बादल छाये रहने की संभावना है। विभाग ने परामर्श में वाहन मालिकों और यात्रियों से ट्रैफिक पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की।
विभाग ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान जम्मू के मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। इस बीच, कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया, जहां पिछले 24 घंटों में 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। श्रीनगर में 28 नवंबर को इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गयी, जब रात का तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
घाटी के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। यहां पिछले 24 घंटों में 9.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी। घाटी के एक अन्य लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में यहां 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया गया। पिछले चौबीस घंटों में यहां 15.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है।
कश्मीर के प्रवेश द्वार के रूप में पहचाने जाने वाले शहर काज़ीगुंड में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यहां बीते 24 घंटों में 4.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। घाटी में गुलमर्ग और जम्मू प्रांत में भदेरवाह सबसे ठंडे क्षेत्र रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित