श्रीनगर , जनवरी 30 -- भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी ) के पास कई पाकिस्तानी ड्रोन उड़ते देखे जाने के बाद गुरुवार रात चेतावनी के तौर पर गोलियां चलायीं।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि केरन सेक्टर में ड्रोन एलओसी के बहुत करीब उड़ते देखे गए, जिसके बाद भारतीय सेना ने चेतावनी के तौर पर गोलियां चलायीं। एक सूत्र ने बताया, "चेतावनी वाली गोलियों के बाद ड्रोन वापस चले गए।"गौरतलब है कि केरन सेक्टर रणनीतिक रूप से संवेदनशील है क्योंकि यह उन पारंपरिक घुसपैठ के रास्तों के करीब है जिनका इस्तेमाल आतंकवादी सालों से करते आ रहे हैं। रक्षा सूत्रों ने इस घटना पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।

पिछले कुछ सालों में जम्मू- कश्मीर में एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर ड्रोन देखे जाने की ज़्यादातर घटनाएं जम्मू सेक्टर में हुई हैं। इन ड्रोन्स को सांबा, कठुआ और जम्मू जैसे जिलों में इंटरसेप्ट किया गया है। केरन में पाकिस्तानी ड्रोन का दिखना एक नयी सुरक्षा चुनौती पेश करता है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस इलाके में ड्रोनों का इस्तेमाल न सिर्फ निगरानी के लिए, बल्कि घुसपैठ की कोशिशों में मदद करने या हथियार, संचार उपकरण और नशीले पदार्थ गिराने के लिए भी किया जा सकता है। पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद से कश्मीर में एलओसी पर ज़्यादातर शांति रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित