श्रीनगर , अक्टूबर 15 -- केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन हल्का हिमपात दर्ज किया गया और मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में हुई बारिश से पूरे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है।

मौसम विभाग सूत्रों ने बताया कि सिंथन टॉप, मुगल रोड, कुपवाड़ा के ऊपरी इलाकों, बांदीपोरा के गुरेज और तुलैल तथा जोजिला-गुमरी मार्ग पर बर्फबारी दर्ज की गई। इसके अलावा द्रास, जांस्कर और सांकू सहित लद्दाख के कई ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात हुआ है। मौसम के इस मिजाज से विशेष रूप से ऊंचाई वाले इलाकों के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

श्रीनगर के मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान कुपवाड़ा में सर्वाधिक 26.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद काजीगुंड में 23.6 मिमी और गुलमर्ग में 20.4 मिमी बारिश हुई। इसी अवधि के दौरान पहलगाम में 16.8 मिमी और श्रीनगर में 16.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को कई स्थानों पर आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि ऊपरी इलाकों में हल्का हिमपात हो सकता है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की भी आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित