श्रीनगर , जून 04 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सुरक्षा-संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को नये परामर्श जारी कर उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के हाजीबल-बाबारेषी मार्ग से होते हुए मुलबांगिल-बटू मार्ग की ओर पर्यटकों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी।
यह क्षेत्र गुलमर्ग और तंगमर्ग के समीप जंगली एवं ऊपरी पहाड़ी इलाके में पड़ता है। नये परामर्श के अनुसार, पुलिस ने मुलबांगिल और बटू के अंदरूनी इलाकों में पर्यटन व्यवसायों, गाइड तथा परिवहन कंपनियों की मदद से पर्यटकों की आवाजाही में इज़ाफ़ा देखा है। पुलिस ने कहा कि काज़ीपोरा-ज़िरान-बटू-मुलबांगिल-हाजीबल मार्ग पर्यटक सर्किट का हिस्सा नहीं है। यह मार्ग ऐसे क्षेत्रों से होकर गुज़रता है जहां पर्याप्त आगंतुक सहायता और आपातकालीन प्रतिक्रिया सुविधाएं मौजूद नहीं हैं।
पुलिस की ओर से जारी परामर्श में कहा गया, "जनसुरक्षा के हित में और पर्यटकों को पर्यटन गतिविधियों के लिए न बने क्षेत्रों से बचाने के लिए पुलिस इस रास्ते पर तत्काल प्रभाव से तथा अगले आदेश तक पर्यटकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाती है।"बारामुला पुलिस ने सभी होटल मालिकों, गेस्ट हाउस संचालकों, होमस्टे मालिकों, पर्यटन एजेंसियों, यात्रा संचालकों, टैक्सी चालकों, पर्यटक गाइड तथा घोड़ा मालिकों को भी सलाह दी है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में पर्यटकों को न घुमाएं। परामर्श में चेतावनी दी गयी है कि दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने वाले या पर्यटकों की अनाधिकृत आवाजाही को सुगम बनाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम को अहम स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि प्रतिबंध ठीक तरह लागू किये जा सकें। पर्यटकों से अनुरोध किया गया है कि वे प्रशासन के साथ सहयोग करें और अपना सफर तंगमर्ग-गुलमर्ग क्षेत्र में सिर्फ अनुमोदित एवं स्थापित पर्यटन स्थलों तक ही सीमित रखें। पुलिस ने पर्यटकों की सुरक्षा, सहूलत तथा कल्याण सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों से सहयोग की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित