श्रीनगर , दिसंबर 25 -- नेशनल कान्फ्रेंस ने केन्द्र सरकार से अपील की है कि वह न्यूजीलैंड के साथ नये व्यापार समझौते के तहत सेब आयात करने के फैसले की तत्काल समीक्षा करे ताकि कश्मीरी सेब उद्योग को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

नेशनल कान्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पहले भी विदेशी सेबों के बड़े पैमाने पर आयात से कश्मीरी सेब बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ था, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि विदेशी सेबों पर उचित कर लगाये जायें और किसी भी तरह की कर छूट न दी जाये।

उन्होंने कहा कि कश्मीरी सेब न सिर्फ स्वाद में अद्वितीय हैं बल्कि उनकी पोषण गुणवत्ता भी बेहतर है। इनकी बराबरी कोई विदेशी सेब नहीं कर सकता। श्री डार ने खेद व्यक्त किया कि खराब मौसम, राष्ट्रीय राजमार्ग के लंबे समय तक बंद रहने और बाढ़ की स्थिति के कारण घाटी के सेब उद्योग को मौजूदा मौसम में लगभग 2,000 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है।

श्री डार ने कहा कि कश्मीर की एक बड़ी आबादी सीधे तौर पर सेब उद्योग से जुड़ी हुई है, इसलिए सरकार को ऐसा कोई भी निर्णय लेने से बचना चाहिये जिससे स्थानीय बागवानी क्षेत्र को और अधिक कठिनाई हो।

इस बीच श्री डार ने जम्मू-कश्मीर के कैदियों की राज्य में वापसी की मांग करने वाली पीडीपी की जनहित याचिका को उच्चतम न्यायालय द्वारा खारिज किये जाने के संबंध में कहा कि जिस दिन याचिका दायर की गयी थी, उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि यह सिर्फ राजनीतिक नाटक और अपनी तरफ ध्यान आकर्षित करने की कोशिश है।

उन्होंने इससे जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि उच्चतम न्यायालय ने अपने फैसले में इस याचिका को राजनीतिक बताया है और लिखा है कि न्यायालयों को चुनाव प्रचार के मंच के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। श्री डार ने कहा कि पीडीपी ने यह याचिका उस समय दायर की थी जब बडगाम में चुनाव प्रचार चल रहा था और इसमें बुनियादी दस्तावेजों की कमी, अस्पष्टता और निराधार दावे शामिल थे।

श्री डार ने कहा कि कश्मीरी कैदियों की वापसी एक संवेदनशील और गंभीर मुद्दा है। अगर पीडीपी वास्तव में इसमें दिलचस्पी रखती है तो उसे ठोस सबूतों और प्रासंगिक दस्तावेजों के आधार पर एक मजबूत याचिका दायर करनी चाहिये थी, न कि चुनावों के दौरान राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिये इसका इस्तेमाल करना चाहिये था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित