उज्जैन , अगस्त 16 -- प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास ने रविवार को मध्यप्रदेश की प्राचीन नगरी उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर विधिवत पूजा-अर्चना एवं दर्शन किए। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने कुमार विश्वास का स्वागत एवं सत्कार किया।
मंदिर परिसर में चर्चा के दौरान कुमार विश्वास ने कहा कि यह बाबा महाकाल की कृपा है कि हर श्रावण में किसी न किसी कारण से उन्हें यहां आने का अवसर मिल जाता है। बाबा के दर्शन और प्रार्थना से उनके मन को शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि भारत अपने वैभव को पुनः प्राप्त कर रहा है और उन्होंने बाबा महाकाल से देश के कल्याण एवं वैभव की प्रार्थना की।
भारत के युवाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और विश्व में सबसे अधिक युवा भारत में हैं। आज का युवा अपनी संस्कृति और भारत के प्रति जागृत एवं सजग है। यही कारण है कि देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि भारत का युवा अपने राम और श्याम से जुड़ा हुआ है तथा भारत को शीर्ष पर बनाए रखने के लिए संकल्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित