नयी दिल्ली , सितम्बर 18 -- हिंदी के प्रसिद्ध कवि और आलोचक अशोक वाजपेयी को श्रीकांत वर्मा शिखर सम्मान 2026 से नवाजा गया है।
श्री वाजपेयी को शुक्रवार को यहां श्रीकांत वर्मा की 95वीं जयंती पर आयोजित समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान के तहत उन्हें 21 लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र तथा श्रीकांत वर्मा की चांदी से बनी मूर्ति प्रदान की गई। श्रीकांत वर्मा न्यास द्वारा आयोजित पुरस्कार समारोह में प्रसिद्ध कवि अरुण कमल, चित्रकार परमजीत सिंह, कथाकार ममता कालिया, विनोद भारद्वाज और पुरुषोत्तम अग्रवाल ने श्री अशोक वाजपेयी को यह सम्मान प्रदान किया।
वर्ष 1987 में स्थापित श्रीकांत वर्मा सम्मान अब तक प्रसिद्ध कवि राजेश जोशी, कृष्णा सोबती, अरुण कमल, नामवर सिंह, वीरेन डंगवाल और मंगलेश डबराल सहित कई साहित्यकारों को दिया जा चुका है। यह सम्मान लगातार 16 वर्ष तक दिया गया और इस वर्ष से श्रीकांत वर्मा शिखर सम्मान शुरू किया गया है। श्रीकांत वर्मा सम्मान पर पहला सम्मन 1987 में राजेश जोशी को दिया गया था।
श्री वाजपेयी ने सम्मान प्रदान करने के लिए श्रीकांत वर्मा न्यास का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कविता से लगभग 75 वर्ष जुड़े होने के आधार पर वह कह सकते हैं कि कविता की अभिव्यक्ति कई बार कर्म, नागरिकता, अंत:करण, स्मृति, कल्पना और संसार होती है। हिंदी समाज में कविता हाशिए पर है और उसकी आवाज अनसुनी तथा उसका सत्व अनदेखा है। शोरगुल इस कदर बढ़ गया है कि कविता की आवाज सुनाई नहीं पड़ती है।
उन्होंने कहा कि कविता भाषा में लिखी जाती है, लेकिन आज कई भाषाओं पर संकट है। हिंदी सार्वजनिक मंचों पर इस समय झगड़े, झांसों, झूठ, नफरत, गाली-गलौज और हिंसा की लगभग राजभाषा बन गई है। उनका कहना था कि व्यापक परिदृश्य में तीन तरह की भाषाएं सार्वजनिक मर्म और अभिव्यक्ति के क्षेत्र में सक्रिय और मुखर हैं। पहली त्रयी झूठ, नफरत और हिंसा की, दूसरी मॉब लिंचिंग, हेट स्पीच और बुलडोजिंग की तथा तीसरी साहस, सहानुभूति और समरसता की भाषा है। कविता की यह नैतिक बाध्यता है कि वह साहस, सच्चाई, सहानुभूति और समरसता की भाषा ही चुने।
श्री अरुण कमल ने कवि अशोक वाजपेयी की कविताओं के निरंतर धारदार होने का उल्लेख करते हुए उनकी कविताओं के कई अंश सुनाए, जबकि ममता कालिया ने कहा कि अशोक वाजपेयी की जिंदादिली उनकी कविताओं और वार्ताओं में देखने को मिलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित