हैदराबाद , अप्रैल 30 -- चुनाव आयोग ने सुश्री के. कविता की नयी राजनीतिक पार्टी को आधिकारिक मान्यता देते हुए उसके लिए "तेलंगाना रक्षणा सेना (टीआरएस)" नाम को मंजूरी दे दी है।

सुश्री कविता ने शुरुआत में 'तेलंगाना राष्ट्र सेना' नाम प्रस्तावित किया था, लेकिन आयोग ने विचार-विमर्श केबाद 'तेलंगाना रक्षणा सेना (टीआरएस)' को स्वीकृति प्रदान की। आधिकारिक अनुमोदन पत्र बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास पर सौंपा गया। इस नाम की घोषणा पहले 25 अप्रैल को मेडचल में आयोजित बैठक में की गयी थी।

सुश्री कविता ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म 'एक्स' पर लिखा, "तेलंगाना रक्षणा सेना (टीआरएस), यही है!" उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी तेलंगाना के लोगों की सेवा और संरक्षण के लिए उसी समर्पण के साथ काम करेगी, जैसा पिछले दो दशकों से तेलंगाना जागृति के माध्यम से किया गया।

उन्होंने चुनाव आयोग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी सभी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करेगी। सुश्री कविता के अनुसार जनवरी 2026 में प्रोटोकॉल के तहत पांच नाम विकल्प भेजे गये थे, जिनमें आयोग ने तीसरे विकल्प को मंजूरी दी, जो टीआरएस संक्षिप्त नाम वाला एकमात्र विकल्प था।

सुश्री कविता ने इसे 'किस्मत का दिलचस्प मोड़' बताया और कहा कि तेलंगाना की राजनीति में टीआरएस नाम फिर से लौट आया है।

यह नाम विशेष महत्व रखता है, क्योंकि टीआरएस संक्षिप्त नाम पहले से तेलंगाना की राजनीतिक पहचान का बड़ा हिस्सा रहा है। ऐसे में इसका पुनः उपयोग राज्य की राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और प्रतीकात्मक संदेश दोनों को प्रभावित कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित