कवर्धा , जून 09 -- छत्तीसगढ़ में कबीरधाम जिले के पांडातराई नगर में मंगलवार को एक टेंट हाउस एवं फर्नीचर प्रतिष्ठान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, गुप्ता धर्मशाला के समीप स्थित एक टेंट हाउस में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग तेजी से फैलने के कारण दुकान में रखा फर्नीचर, टेंट सामग्री तथा अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पांडातराई पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया।

आग लगने के दौरान दुकान के भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग से भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित