नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार से ओडिशा और छत्तीसगढ़ की छह दिन की यात्रा पर रहेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय ने रविवार को बताया कि यात्रा के पहले पड़ाव में श्रीमती मुर्मु सोमवार शाम भुवनेश्वर पहुँचेंगी। मंगलवार को वह बालासोर स्थित फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी तथा विश्वविद्यालय के नव-निर्मित सभागार का उद्घाटन करेंगी।
बुधवार को वह रायरणगपुर के महुलडीहा स्थित सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में भंजबीर सुनाराम सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी और छात्राओं से संवाद करेंगी। इसके साथ ही वह सरकारी आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, ओयूएटी परिसर, तीरंदाजी केंद्र, शहर सौंदर्यीकरण एवं जल निकासी उन्नयन परियोजनाएँ, विभिन्न सीएसआर परियोजनाएँ तथा रायरणगपुर में एमएससीबी विश्वविद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी परिसर सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगी।
राष्ट्रपति शुक्रवार को सिमिलिपाल में जनजातीय समुदायों की महिलाओं और युवाओं से संवाद करेंगी। इसके बाद वह ओडिशा सरकार द्वारा ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के सहयोग से भुवनेश्वर में आयोजित 'ब्लैक स्वान समिट, इंडिया' में भी भाग लेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित