मऊ , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मऊ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्व. कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला, जब उनकी पुत्रवधू एवं भाजपा नेत्री डॉ. सीता राय ने मंच से रोते हुए अपनी पारिवारिक और सामाजिक पीड़ा व्यक्त की।

इस दौरान मंच पर मौजूद उनके पति एवं कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय ने अपने दोनों कानों में उंगलियां डाल लीं और कार्यक्रम के दौरान वहीं बैठे रहे।

घोसी विधानसभा क्षेत्र के सारी शादी स्थित सौर ऊर्जा पार्क में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा द्वारा स्व. कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी अवसर पर सौर ऊर्जा पार्क का विस्तार किया गया तथा उसका नामकरण स्व. कल्पनाथ राय के नाम पर किया गया। कार्यक्रम में उनकी आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। इसके बाद विशाल जनसभा आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के मंच पर कल्पनाथ राय की पुत्रवधू डॉ. सीता राय और उनके पुत्र सिद्धार्थ राय भी मौजूद थे। बताया जाता है कि दोनों लंबे समय से पारिवारिक विवाद के कारण अलग-अलग रह रहे हैं।

सभा को संबोधित करने की बारी आने पर डॉ. सीता राय ने सबसे पहले स्व. कल्पनाथ राय को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने उनके व्यक्तित्व और योगदान को याद करते हुए सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र किया। इस दौरान वह भावुक हो गईं और मंच पर ही फफक-फफक कर रोने लगीं। हालांकि, उन्होंने रोते हुए ही अपना संबोधन पूरा किया।

इसी दौरान मंच पर मौजूद सिद्धार्थ राय का व्यवहार भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। डॉ. सीता राय के भावुक संबोधन के दौरान सिद्धार्थ राय ने अपने दोनों कानों में उंगलियां डाल लीं और काफी देर तक इसी अवस्था में मंच पर बैठे रहे।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच डॉ. सीता राय का भावुक संबोधन और सिद्धार्थ राय की यह प्रतिक्रिया चर्चा का विषय बनी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित