छिंदवाड़ा , नवंबर 03 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनसुनवाई के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे लोगों में दहशत फैल गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना में तीन से चार लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया, जिससे वे घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में लंबे समय से मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं। मंगलवार को जनसुनवाई के चलते परिसर में लोगों की आवाजाही अधिक थी। इसी दौरान मधुमक्खियों का झुंड अचानक आक्रामक हो गया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

बताया गया है कि मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए पहले भी प्रयास किए गए थे, लेकिन स्थायी रूप से इसे नहीं हटाया जा सका। इसके कारण परिसर में आने वाले लोगों पर खतरा बना हुआ था। घटना ने सार्वजनिक स्थान पर लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब जरूरत है कि जिम्मेदार अधिकारी विशेषज्ञों की मदद से छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटवाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित