राजनांदगांव , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में कलेक्ट्रेट कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.60 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लिटिया निवासी रविचंद्र मंडले ने दो अप्रैल को चौकी सुकुलदैहान में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि चिखली के स्टेशनपारा वार्ड नंबर 12 निवासी प्रकाश गजभिये (33) ने कलेक्ट्रेट में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग किश्तों में उससे कुल दो लाख 60 हजार रुपये ले लिए।
शिकायत के आधार पर थाना लालबाग अंतर्गत चौकी सुकुलदैहान में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 197/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ने प्रार्थी से राशि यूपीआई और नगदी दोनों माध्यमों से प्राप्त की थी। बैंक स्टेटमेंट के जरिए लेनदेन की पुष्टि भी हुई। पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपी और प्रार्थी के बीच हुई बातचीत का ऑडियो भी जब्त किया है, जिसे पेन ड्राइव में सुरक्षित कर न्यायालय में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना कोतवाली राजनांदगांव में अपराध क्रमांक 913/23 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 507 में मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को 27 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित