जशपुर , अप्रैल 21 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में हेलमेट और सीट बेल्ट को अनिवार्य कर दिया है।
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर अब बिना हेलमेट दोपहिया और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चालकों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
एसएसपी लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 28 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 24 मामले बिना हेलमेट और 4 मामले बिना सीट बेल्ट के पाए गए। इन मामलों में कुल 14 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
उल्लेखनीय है कि यह कार्रवाई कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी की गई, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि नियम सभी के लिए समान हैं।
श्री रोहित व्यास ने कहा कि यह व्यवस्था सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होगी। इसका उद्देश्य कर्मचारियों की व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना है।
उन्होंने कहा कि शासकीय अमला स्वयं नियमों का पालन कर समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करे।
एसएसपी लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल जागरूकता से ही नहीं, बल्कि सख्ती से भी सुनिश्चित होती है, इसलिए नियमों का पालन हर स्थिति में आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर एवं एसएसपी ने संयुक्त रूप से अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह पहल जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित