शहडोल , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश में शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव स्थित माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर की करीब डेढ़ सौ जेन-जी छात्राएं बुधवार सुबह हॉस्टल से निकलकर कलेक्टर से मिलने पैदल मार्च पर निकल पड़ीं।
छात्राओं के हॉस्टल से निकलने की जानकारी मिलते ही आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। बताया गया कि सबसे पहले हॉस्टल अधीक्षिका, उसके बाद बीईओ, एसी ट्राइबल और फिर एसडीएम छात्राओं को रोकने के लिए उनके पीछे पहुंचे।
छात्राओं का कहना था कि वे अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहती हैं। इसी दौरान एसडीएम ने एक छात्रा की कलेक्टर से फोन पर बात कराई। इसके बाद छात्राएं रुक गईं और एसडीएम के साथ वापस हॉस्टल पहुंचीं। हॉस्टल पहुंचने के बाद एसडीएम ने छात्राओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और पूरे मामले से कलेक्टर शहडोल को अवगत कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित