भिण्ड , नवम्बर 08 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में दीपावली के अवसर पर रविवार को कलेक्टर पवन कुमार जैन पत्नी के साथ बायपास रोड स्थित सेवा भारती आनंदधाम वृद्धाश्रम पहुंचे। उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनके साथ समय बिताया और मिठाई व उपहार भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर ने बुजुर्गों से उनकी सेहत, खानपान और रोजमर्रा की जरूरतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उनके पास बैठकर हालचाल जाना। उपहार मिलने पर बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने से मिलती है। बुजुर्गों का सम्मान और देखभाल करना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने वृद्धाश्रम के संचालकों और कर्मचारियों से बुजुर्गों की देखभाल प्यार और अपनेपन के साथ करने को कहा। इस अवसर पर तहसीलदार अरविंद शर्मा, डॉ. शैलेंद्र परिहार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित