भरतपुर , मई 21 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के जिला कलेक्टर कानाराम ने गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ साइकिल पर नगर परिषद क्षेत्र का निरीक्षण करके अधिकारियों को व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिये।

इस अवसर पर श्री कानाराम ने महावीर पार्क में भ्रमण करके सुबह टहलने आने वाले लोगों से पेयजल, सफाई और बिजली आपूर्ति की जानकारी ली। उन्होंने साइकिल से पटेल नगर पहुंचकर स्थानीय लोगों से दैनिक पेयजल की आपूति और सफाई व्यवस्था को लेकर बातचीत की और समस्याओं की जानकारी ली।

श्री कानाराम ने निरीक्षण के दौरान हम्मीर सर्किल पर सफाई कर्मियों से बातचीत करते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन बचाना जरूरी है, जिससे ईंधन संकट से निपटने में मदद मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित