धार , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश के धार जिला मुख्यालय में कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नवीन लालबाग के सामने स्थित शासकीय भूमि का अवलोकन किया और मुख्य नगरपालिका अधिकारी को वहां जनहित को ध्यान में रखते हुए कंजर्वेशन निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर शासकीय भवनों को चिन्हित कर उनके स्थान पर नए निर्माण की योजना बनाने तथा कम लागत वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता देने को कहा।

कलेक्टर ने किला मैदान के सामने स्थित खाली भूमि का निरीक्षण कर वहां प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। क्षेत्र में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए नगर पालिका अधिकारियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और शहर में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपीडीए मैदान के निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेल अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी और तहसीलदार को निर्माणाधीन शौचालयों की गुणवत्ता बनाए रखने, मैदान के आसपास सुगम आवागमन की व्यवस्था करने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंकिता प्रजापति, मुख्य नगरपालिका अधिकारी कुंवर विश्वनाथ सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित