आगरमालवा , अगस्त 05 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने जिले में शासकीय भूमि के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी पटवारियों को अपने-अपने हल्का क्षेत्र में शासकीय सर्वे नंबरों का निरीक्षण कर दो दिन के भीतर अतिक्रमण पंजी अद्यतन करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर डॉ. मीना ने आज जिला मुख्यालय स्थित मुक्तिधाम के समीप निर्माणाधीन नवीन फायर स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के मैदानी अमले को निर्देश दिए कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर उसका तत्काल अतिक्रमण पंजी में दर्ज किया जाए तथा संबंधित अतिक्रमणकारी को नियमानुसार नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मुक्तिधाम एवं उसके आसपास स्थित शासकीय भूमि के नक्शों का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को नवीन फायर स्टेशन का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूरा करने के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित