बैतूल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला विकासखंड स्थित बोरदेही के राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह शासकीय सीनियर बालक छात्रावास का कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन कर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने छात्रावास में स्वच्छता, रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों के साथ भोजन कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था का भी परीक्षण किया।

कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए यहां गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ वातावरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम आमला शैलेंद्र बड़ोनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने बताया कि छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी जारी रखी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित