बैतूल , जून 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में खरीफ सीजन 2026 के मद्देनजर किसानों को समय पर और सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जिले में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है।
कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को निर्देश दिए हैं कि जिले की 91 सहकारी समितियों में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। जिन समितियों में उर्वरक की कमी हो, वहां डबल लॉक केंद्रों से तत्काल उठाव कर किसानों को ई-टोकन के माध्यम से नियमित वितरण किया जाए।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास को जिले के 92 वनग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर वन पट्टाधारी किसानों के ई-टोकन जनरेट करने और उन्हें उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही थोक उर्वरक विक्रेताओं के पास उपलब्ध स्टॉक को खुदरा विक्रेताओं की आईडी में स्थानांतरित कराने तथा थोक विक्रेताओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
जिला विपणन अधिकारी को डबल लॉक केंद्रों की भंडारण क्षमता बढ़ाकर पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि बुवाई के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित