दंतेवाड़ा , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा के जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने शनिवार को कटेकल्याण ब्लॉक के बेंगलूर, गाटम, बडेलखापाल एवं मंडोली स्थित पोटा केबिन आवासीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थाओं की मूलभूत सुविधाओं एवं मरम्मत कार्यों की स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पीआरओ ने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत पोटा केबिन बेंगलूर से हुई। यहां कलेक्टर ने कक्षा दो एवं कक्षा पांच की छात्राओं से शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। उन्होंने बच्चों से अंग्रेजी वर्णमाला तथा हिंदी पाठ पढ़वाकर उनकी प्रगति जांची और सही उच्चारण के लिए उनकी सराहना की। साथ ही, उन्होंने कंप्यूटर लैब का अवलोकन कर शिक्षकों को चैटजीपीटी जैसे डिजिटल टूल्स के माध्यम से व्यावसायिक शिक्षा पर जोर देने को कहा।
इसके बाद उन्होंने विद्यालय के भोजन कक्ष का निरीक्षण किया, जहां अधीक्षक ने बताया कि संस्था में कक्षा एक से आठ तक के 349 छात्र-छात्राएं निवासरत हैं, जिन्हें नियमित रूप से पौष्टिक भोजन एवं अंडा दिया जाता है। कलेक्टर ने छात्र संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त शौचालय निर्माण को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित