छिंदवाड़ा , अक्टूबर 27 -- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों के बीच मंगलवार शाम छिंदवाड़ा के कलेक्टर कार्यालय में लाइटिंग लगाने के दौरान एक युवक 40 फीट से अधिक ऊंचाई से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय भवन में स्थापना दिवस के लिए लाइटिंग लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान भवन के ऊपरी हिस्से में लाइट लगा रहा युवक अचानक नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद संयुक्त कलेक्टर राहुल पटेल ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
हादसे के बाद ऊंचाई पर काम करने के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि युवक ने सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल नहीं किया था, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घायल युवक की स्थिति और चोटों की गंभीरता के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित