जगदलपुर , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कलेक्टर आकाश छिकारा ने शुक्रवार को नगरनार स्थित एनएमडीसी इस्पात संयंत्र का भ्रमण कर उत्पादन प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम सेफ्टी इंडक्शन हॉल का निरीक्षण किया और संयंत्र में अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों तथा आपातकालीन तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल के सख्त पालन पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात कलेक्टर संयंत्र के प्रमुख इकाई ब्लास्ट फर्नेस पहुंचे, जहां उन्होंने कच्चे माल से लोहे के उत्पादन की जटिल प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संयंत्र की उत्पादन क्षमता, वर्तमान प्रदर्शन और रेटेड क्षमता के अनुरूप कार्यप्रणाली को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। साथ ही संयंत्र में निर्मित विभिन्न फिनिश्ड उत्पादों और उनकी बाजार उपयोगिता के संबंध में भी जानकारी ली।
संयंत्र अधिकारियों ने बताया कि उत्पादन में निरंतर सुधार किया जा रहा है तथा सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित