हरिद्वार , अक्टूबर, 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में पिरान कलियर के एक गेस्ट हाउस में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कमरे के अंदर 32 वर्षीय यूट्यूबर आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। मौत से पहले कथित वीडियो कॉल पर जान देने की बात कहे जाने के घटनाक्रम के बाद मामला और गंभीर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था और इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि युवती से किसी बात को लेकर नाराजगी के बाद वह बुधवार रात करीब 11 बजे कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा लेकर ठहर गया।
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे एक युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। बातचीत के दौरान आतिफ ने कथित तौर पर जान देने की बात कही। इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल से आतिफ के भाई को वीडियो कॉल के माध्यम से घटनाक्रम दिखाया। भाई ने स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेजा, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित