कोलकाता , अक्टूबर 25 -- पश्चिम बंगाल के कलकत्ता मेडिकल कॉलेज में रविवार को भर्ती कराए जाने के महज 90 मिनट के भीतर एक 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर चिकित्सा में लापरवाही बरतने और गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाया है, जबकि अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
यहां के अंदुल इलाके के रहने वाले चौथी कक्षा के छात्र पवन यादव को कॉलेज स्ट्रीट स्थित उनके मामा के घर रहने के दौरान पेट में दर्द की शिकायत के बाद सुबह करीब 10 बजे अस्पताल के 'मदर एंड चाइल्ड हब' लाया गया था। परिजनों के अनुसार, बच्चा खुद चलकर अस्पताल के भीतर गया था, लेकिन सुबह करीब 11:30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस घटना के बाद दोपहर में अस्पताल परिसर में तनाव व्याप्त हो गया और बच्चे के रिश्तेदारों की पुलिस व सुरक्षाकर्मियों के साथ तीखी बहस हुई। इस दौरान हुई झड़प में कथित तौर पर कुछ रिश्तेदारों ने हेलमेट से पुलिस अधिकारियों पर हमला करने का प्रयास किया। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए प्रदर्शनकारी रिश्तेदारों का पीछा किया और कई लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस वैन से ले गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित