कोलकाता , जून 18 -- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने यहां रेड रोड पर 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम पर अंतरिम रोक लगाने से गुरुवार को इनकार कर दिया।
एक याचिका में राज्य सरकार के उस अधिसूचना को चुनौती दी गई थी जिसमें कार्यक्रम के लिए रेड रोड पर आवाजाही पर रोक लगायी गयी थी।
उच्च न्यायालय ने सुनवाई के दौरान अंतरिम राहत की याचिका को खारिज कर दिया जिससे कार्यक्रम के योजना के अनुसार आगे कार्यक्रम करने का रास्ता साफ़ हो गया।
न्यायालय ने हालांकि कार्यक्रम को मंज़ूरी देते हुए पुलिस प्रशासन को कई निर्देश दिए ताकि लोगों को असुविधा न हो और कामकाज में कम से कम रुकावट आये।
अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया कि वे कार्यक्रम के दिन भीड़-भाड़ से बचने और यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए पहले से ही ट्रैफिक डायवर्जन का विस्तृत योजना तैयार करें।
उच्च न्यायालय ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि 21 जून को कार्यक्रम खत्म होने के तुरंत बाद रेड रोड को खाली किया जाए ताकि जल्द से जल्द सामान्य यातायात फिर से शुरू हो सके।
अदालत ने याचिकाकर्ताओं और राज्य सरकार दोनों को निर्देश दिया कि वे मामले की आगे जांच के लिए अपना पक्ष बताते हुए हलफनामे जमा करें।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के लिए कोलकाता का दौरा करेंगे। ऐतिहासिक रेड रोड पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शामिल होने की उम्मीद है।
राज्य सरकार ने पहले एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के लिए सुरक्षा इंतज़ामों का हवाला देते हुए रेड रोड को सात दिनों तक बंद रखने की अधिसूचना जारी की थी। इस फ़ैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई थी लेकिन अदालत ने फ़ैसला सुनाया कि योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित करने पर कोई तत्काल रोक नहीं लगेगी।
मुख्य कार्यक्रम से पहले, 20 जून को कोलकाता में 'पश्चिमबंग दिवस' के अवसर पर बड़े पैमाने पर उत्सव मनाया जाएगा। हुगली नदी पर एक अनोखा योग कार्निवल आयोजित किया जाएगा, जिसमें आमंत्रित प्रतिभागियों एवं योग का पालन करने वाले लोग लगभग 500 नावों पर एक साथ योग कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित