कोलकाता , सितंबर 22 -- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान के खिलाफ पांच अन्य मामलों में कोई तुरंत निर्देश जारी करने से इनकार कर दिया है और राज्य सरकार ने कहा है कि फिलहाल उन मामलों में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
श्री प्रधान अभी दो अन्य मामलों में न्यायिक हिरासत में हैं। उम्मीद है कि उनके वकील मंगलवार को जमानत याचिका दायर करेंगे। हल्दिया अनुविभागीय न्यायालय ने प्रधान को तीन अक्टूबर तक हिरासत में भेजा था, जबकि बाद में कोंटाई अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत पांच अक्टूबर तक बढ़ा दी। उन्हें 23 सितंबर को फिर से अदालत में पेश होना है। यह घटनाक्रम छह अक्टूबर को होने वाले नंदीग्राम उपचुनाव से पहले हुआ है।
श्री प्रधान ने बाकी पांच मामलों में गिरफ्तारी पर रोक के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। उन्हें डर था कि चुनाव से पहले उन मामलों में उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। राज्य सरकार ने सोमवार को सुनवाई के दौरान अदालत को बताया कि उन पांच मामलों में किसी हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है।
श्री प्रधान के वकील अयान भट्टाचार्य ने तर्क दिया कि कांग्रेस उम्मीदवार को 2007 के एक मामले में जारी वारंट के आधार पर 18 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 17 साल पुराने मामले में वारंट को उपचुनाव से ठीक पहले लागू किया गया और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डालने का एक उदाहरण बताया।
राज्य सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त महाधिवक्ता राजदीप मजूमदार ने कहा कि गिरफ्तारी वारंट वास्तव में 2007 का था, लेकिन इसे चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के अनुसार लागू किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि दूसरों के खिलाफ भी वारंट लागू किए जा रहे थे और यह कार्रवाई सिर्फ श्री प्रधान तक सीमित नहीं थी।
राज्य सरकार ने कहा कि श्री प्रधान उन पांच अन्य मामलों में मुख्य आरोपी नहीं थे और इसलिए उन मामलों में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। उच्च न्यायालय ने कहा कि फिलहाल किसी निर्देश की जरूरत नहीं है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को तय की गई है।
नंदीग्राम में उपचुनाव मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सीट छोड़ देने कारण कराया जा रहा है। श्री अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने नंदीग्राम की सीट छोड़ दी थी।
भाजपा ने नंदीग्राम से श्री अधिकारी के दिवंगत सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां, हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस अब श्री प्रधान की पत्नी के वीडियो संदेश के ज़रिए प्रचार कर रही है।विदित हो कि लगभग तीन दशक पहले मुर्शिदाबाद के नबाग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी चुनाव प्रचार के दौरान जेल में थे, लेकिन कांग्रेस ने प्रचार में उनके बयानों की कैसेट रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित