श्रीगंगानगर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर मंत्रालयिक संघ ने गुरुवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सम्बोधित जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव को ज्ञापन सौंपा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इनमें वित्त वर्ष 2026-27 के लंबित समर्पित अवकाश (पीएल) भुगतान, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिलाभ और बोनस को लेकर बनी असमंजस की स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही मुख्यालय पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए नई राजकीय आवासीय कॉलोनी और पीडब्ल्यूडी डाक बंगला के निर्माण की मांग भी रखी गई।
जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने संगठन को राजकीय आवासों के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में संयोजक सीताराम के साथ राकेश सोनी, त्रिलोक निराणिया और संगठन के अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित