भिण्ड , फरवरी 6 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर के अटेर रोड नवादा क्षेत्र में एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रतीक बौहरे (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रतीक बौहरे कल रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। आज दोपहर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को संदेह हुआ। खिड़की से झांककर देखने पर प्रतीक पंखे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट या आत्महत्या के कारणों से जुड़ा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित