महासमुंद , जून 24 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक औद्योगिक इकाई के कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर फैक्ट्री के सामने रख कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आर्थिक क्षतिपूर्ति की मांग की।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड, मुढेना में कार्यरत रमेश जांगड़े (49) निवासी नांदगांव ड्यूटी के दौरान घायल हो गए थे। बताया गया कि उनकी आंख में औद्योगिक कार्य के दौरान कण (पार्टिकल) चले जाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।

कंपनी प्रबंधन द्वारा उनका उपचार रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में कराया जा रहा था। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृत्यु के बाद आज परिजन शव को लेकर फैक्ट्री के मुख्य द्वार के सामने रखकर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से उचित आर्थिक सहायता और अन्य सहायता प्रदान करने की मांग की है।

स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों तथा कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत कर मामले के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित