सिरसा , अगस्त 22 -- हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी मांगों के समाधान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारी नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। यह कहां का इंसाफ है।
सुश्री सैलजा ने कहा कि प्रदेश के कई शहरों में करीब 17 दिन तक कूड़ा नहीं उठने से गंभीर हालात बने रहे। जगह-जगह कूड़े के ढेर, दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा पैदा हुआ। उन्होंने इसे सरकार की प्रशासनिक विफलता बताते हुए कहा कि समय रहते कर्मचारियों से संवाद किया जाता तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
उन्होंने सवाल किया कि जिन मांगों पर सरकार की कर्मचारियों के साथ पहले सहमति बन चुकी थी, उनके आदेश अब तक जारी क्यों नहीं किए गए। यदि सरकार अपने वादे समय पर पूरा करती तो कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता नहीं अपनाना पड़ता।
कुमारी सैलजा ने कहा कि पुलिसबल के सहारे कचरा उठवाना स्थायी समाधान नहीं है। कर्मचारियों की जायज मांगों का सम्मानजनक समाधान बातचीत के जरिए होना चाहिए। सरकार को कर्मचारियों और जनता को आमने-सामने खड़ा करने के बजाय संवेदनशीलता से विवाद सुलझाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित