चंडीगढ़ , सितंबर 18 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (डीए) में आठ प्रतिशत बढ़ोतरी के फैसले को कर्मचारियों के लंबे संघर्ष की ''पहली जीत'' करार दिया है।
श्री ढिल्लों ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि कर्मचारियों के लगातार आंदोलन के दबाव में सरकार को यह फैसला करना पड़ा। सरकार ने आठ प्रतिशत डीए दो किस्तों में देने की घोषणा की है, जिससे कुल डीए 50 प्रतिशत हो जायेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के मुद्दों के प्रति सरकार की लगातार उदासीनता के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि केंद्र सरकार के पैटर्न के अनुरूप कर्मचारियों के बकाया 60 प्रतिशत डीए की राशि भी जल्द जारी की जाये। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों को लेकर भी सरकार को गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कदम उठाने चाहिए।
पंजाब सरकार ने शुक्रवार को कर्मचारी संगठनों के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान की बैठक के बाद आठ प्रतिशत डीए बढ़ाने की घोषणा की। इसमें चार-चार प्रतिशत की दो किस्तें शामिल हैं। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, बढ़ा हुआ डीए सितंबर और अक्टूबर के वेतन के साथ दिये जाने की घोषणा की गयी है।
कर्मचारी संगठनों ने डीए की लंबित किस्तों और अन्य सेवा संबंधी मांगों को लेकर पिछले कुछ सप्ताह से आंदोलन किया था। गत 27 अगस्त को कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लेकर विरोध जताया था, जिसके बाद सरकारी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हुआ। सरकार की ओर से प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किये जाने के बाद कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी। बाद में नोटिस वापस लिए जाने पर आंदोलन स्थगित किया गया।
हाल के दिनों में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में पंजाब के मंत्रियों के आवासों का घेराव भी किया था। श्री ढिल्लों ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की शेष मांगों का भी जल्द समाधान करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित