नारनौल , मई 09 -- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के आंदोलनरत कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचकर उनका समर्थन किया। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए भाजपा सरकार पर कर्मचारियों की अनदेखी और शोषण का आरोप लगाया।
श्री राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण कर्मचारी वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। नगर पालिका, सफाई और फायर विभाग के कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को स्थायी रोजगार, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा कर्मचारी हितों की पक्षधर रही है और कर्मचारियों के सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। कांग्रेस उनकी आवाज विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारी, किसान, युवा और व्यापारी सभी सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की लंबित मांगें तुरंत पूरी की जाएं तथा कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले अग्निशमन कर्मियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई।
इस अवसर पर सूरज बोहरा, कैलाश सोनी पहलवान, संदीप नूनीवाल, यादवेन्द्र राव, जयपाल सरपंच, विनोद सरपंच सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित