रायपुर , सितंबर 11 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वंदे मातरम को लेकर कर्नाटक सरकार के निर्णय की कड़ी आलोचना करते हुए शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है और कर्नाटक सरकार का फैसला अलोकतांत्रिक तथा भारत माता का अपमान है।

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित पीएम आवास और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे मंत्री चौहान ने मीडिया से चर्चा में कहा, "कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। संसद में विधेयक को पारित कर वंदे मातरम पर कानून बना है। कर्नाटक सरकार का फैसला अलोकतांत्रिक है। कांग्रेस सरकार का यह फैसला भारत माता का अपमान है।"छत्तीसगढ़ में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा को बहुत प्यार दिया। छत्तीसगढ़ में विकास की बयार बह रही है। कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह किया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने गरीबों को मकान का अधिकार दिया। 3 लाख 65 हजार से ज्यादा मकान गरीबों के लिए स्वीकृत हुए हैं। आज मुख्यमंत्री को स्वीकृति पत्र दे रहा हूं। छत्तीसगढ़ में हर दिन 1600 मकान पूरे हो रहे हैं। विकसित भारत जी-रामजी में भी छत्तीसगढ़ का सहयोग मिल रहा है। विकसित भारत के तहत खेत से सड़क योजना सम्मिलित कर ली गई है। 36 करोड़ रुपए स्वीकृत हुये है। ग्रामीण विकास विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए सड़कें स्वीकृत की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित