हुबली , मार्च 05 -- कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेन्द्र येदियुरप्पा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रही है, क्योंकि वह अपने चुनावी वादों, विशेष रूप से पांच गारंटी योजनाओं को पूरा करने के लिए संसाधन जुटाने में असमर्थ है।
श्री येदियुरप्पा ने कहा, "मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने वादों, पांच गारंटियों को पूरा करने के लिए संसाधन जुटाने में विफल रही है। इसी वजह से पिछले तीन वर्षों में मुख्यमंत्री ने बार-बार कीमतों में बढ़ोतरी का सहारा लिया है।"अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ईंधन, आवश्यक वस्तुओं और बिजली की कीमतों में बार-बार हो रही वृद्धि सरकार के वित्तीय दबाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए, उसके बाद आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी वृद्धि की गयी।
श्री येदियुरप्पा ने कहा, "इसकी शुरुआत पेट्रोल और डीजल की कीमतों से हुई। फिर आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ा दी गईं और अब बिजली की दरों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है।" उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया के लंबे राजनीतिक अनुभव और उनके आगामी राज्य बजट के बावजूद, सरकार पर्याप्त संसाधन उत्पन्न करने में असमर्थ दिख रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित