बेंगलुरु , अगस्त 22 -- कर्नाटक लोक सेवा आयोग के पूर्व परीक्षा नियंत्रक एवं आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार लापता हो गये हैं।

पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच के बीच पुलिस उनके ठिकाने का पता लगाने की कोशिशें तेज कर रही है।

वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी श्री गंगवार वर्तमान में कर्नाटक राज्य एमएसएमई विकास निगम के प्रबंध निदेशक के तौर पर काम कर रहे हैं, कथित तौर पर पिछले कुछ दिनों से लापता हैं। उन्होंने इस साल मार्च तक आयोग के परीक्षा नियंत्रक के तौर पर काम किया और जनवरी में हुई पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा से जुड़े थे। उनके लापता होने का मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में इन भर्तियों में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में 21 जगहों पर तलाशी ली थी।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, श्री गंगवार ने 20 अगस्त को बेंगलुरु से दिल्ली के लिए फ्लाइट का टिकट बुक किया था। उनके मोबाइल फोन की लोकेशन केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिली, जिसके बाद फोन बंद हो गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह दिल्ली के लिए फ्लाइट में सवार हुए थे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उनकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस को कुछ दिन पहले ही श्री गंगवार के लापता होने की जानकारी मिली थी और वे उनके ठिकाने का पता लगाने के लिए गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक श्री गंगवार के परिवार या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी है।

श्री खरगे ने कहा, "यह खबर आज सुबह से ही मीडिया में चल रही है। उनसे संपर्क टूट गया है और कोई भी उनसे संपर्क नहीं कर पा रहा है। हम देखेंगे कि आगे क्या करना है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें आखिरी बार केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर देखा गया था।" उन्होंने कहा कि पुलिस के पास एयरपोर्ट पर अधिकारी की गतिविधियों के बारे में कुछ जानकारी है और वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि उनका फोन बंद होने के बाद क्या हुआ।

पुलिस श्री गंगवार की यात्रा के विवरण, आधिकारिक और व्यक्तिगत संपर्कों और अन्य उपलब्ध जानकारी की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह दिल्ली गये थे या एयरपोर्ट से कहीं और चले गये थे।

यह घटनाक्रम पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़ी ईडी की तलाशी के बाद आयोग की बढ़ती जांच के बीच सामने आया है। सरकार ने आयोग के चेयरमैन शिवशंकरप्पा के खिलाफ भी कमीशन से जुड़े मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित