सिरसी (कर्नाटक) , मार्च 17 -- कर्नाटक में सिरसी के कस्तूरबा नगर में दिल दहला देने वाली घटना में दो साल की एक बच्ची भुवी 50 फीट गहरे खुले कुएं में गिर गयी , लेकिन लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित कुएं से निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार दोपहर को उस समय हुई जब बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी वह अचानक फिसलकर कुएं में गिर गई। जब परिवार को उसके गायब होने का पता चला, तो हड़कंप मच गया। इसी बीच स्थानीय समाजसेवी पय्यू चावटी मदद के लिए सामने आए। उन्होंने बिना देर किए खुद को रस्सी से बांधा और संकरे एवं अंधेरे कुएं में उतर गए। अंदर बच्ची एक मोटर पाइप को पकड़े हुए थी और उसके कपड़े उसी में फंसे हुए थे, जिससे वह करीब आधे घंटे तक खुद को संभाले रही। श्री चावटी ने सावधानी से बच्ची तक पहुंचकर उसे सुरक्षित पकड़ा और ऊपर मौजूद लोगों ने दोनों को बाहर निकाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित