चामराजनगर , जुलाई 14 -- कर्नाटक में विपक्ष के नेता आर.अशोक ने मंगलवार को राज्य की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह मतदाता सूची की जारी 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) प्रक्रिया में दखल देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अवैध बंगलादेशी प्रवासियों को वैध बनाने की कोशिश करअल्पसंख्यक तुष्टिकरण कर रही है और राजनीतिक लाभ के लिए इस प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

श्री अशोक ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण हर दो दशक में एक बार होता है और यह पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस प्रक्रिया को हाईजैक करने की कोशिश कर रही है और चेतावनी दी कि किसी भी तरह का दखल मतदाता सूची की विश्वसनीयता को कम कर देगा।

उन्होंने आरोप लगाया, "अगर एसआईआर ठीक से किया जाए तो इससे देश को फ़ायदा होगा। इसके बजाय कांग्रेस सरकार इस प्रक्रिया में दखल देने की कोशिश कर रही है। वह अल्पसंख्यकों को खुश करने के नाम पर बंगलादेशियों को भारतीय बनाने की कोशिश कर रही है।"भाजपा नेता ने अपना ध्यान खेती-किसानों के संकट की ओर भी केंद्रित किया और कर्नाटक सरकार से अपील की कि कम बारिश के कारण फसलों को हुए भारी नुकसान के मद्देनजर राज्य में तुरंत सूखा घोषित किया जाए। उन्होंने यह मांग कर्नाटक राज्य गन्ना उत्पादक संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई मुलाकात के बाद की है जिसमें प्रतिनिधियों ने सूखा घोषित करने और किसानों को तत्काल राहत देने की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा था।

श्री अशोक ने कहा कि कई जिलों के किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं क्योंकि लंबे समय तक सूखा परिस्थिति होने के कारण फसलें सूख गई हैं। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि आवश्यक आकलन रिपोर्ट बिना किसी देरी के केंद्र को सौंपें ताकि वित्तीय मदद जारी की जा सके। उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार तभी राहत प्रदान कर सकती है जब राज्य सरकार उन्हें अपनी रिपोर्ट सौंपे। हम विधानसभा में यह मुद्दा उठाएंगे और किसानों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।"श्री अशोक ने कांग्रेस सरकार पर अपना हमला तेज़ करते हुए आरोप लगाया कि लोगों पर केंद्रित प्रशासन चलाने का दावा करने के बावजूद सरकार विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के तहत किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि पहलवानों का मानदेय सात महीनों से जारी नहीं किया गया है और गृह लक्ष्मी योजना के तहत भुगतान जनवरी से ही लंबित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कामकाज करने के बजाय फोटो खिंचवाने में व्यस्त है। वह गारंटी योजनाओं के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है जबकि ज़मीनी स्तर पर उन्हें कोई फ़ायदा नहीं पहुंचा पा रही है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ राज्य के गृह मंत्री प्रियांक खरगे की हालिया टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री अशोक ने आरोप लगाया कि मंत्री सिर्फ़ सुर्खियों में बने रहने के लिए बार-बार आरएसएस को निशाना बना रहे हैं।श्री अशोक ने कहा, "उनके पास बात करने के लिए कोई और मुद्दा नहीं है। अगर वह कानून-व्यवस्था पर बात करेंगे तो उन्हें सरकार की नाकामियों पर जवाब देना होगा इसलिए वह सुर्खियों में बने रहने के लिए आरएसएस की बात करते रहते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार का कार्यकाल अब बहुत कम बचा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित