मैसूरु , जुलाई 21 -- कर्नाटक में यौन उत्पीड़न के तीन अलग-अलग मामलों में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मैसूरु ज़िले के टी. नरसीपुर के पास पश्चिम बंगाल की एक महिला का अपहरण कर लिया गया। बताया गया है कि किरण, किशोर और रयान नाम के तीन आरोपियों ने महिला का अपहरण किया और उसके साथ सामूहिक दष्कर्म किया।

पुलिस ने इस अपराध की सूचना मिलते ही तुरंत जांच शुरू कर दी और 24 घंटे की अवधि में तीनों संदिग्धों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने सख़्त कार्रवाई का भरोसा दिया है और कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

उन्होंने बताया कि नंजनगुड शहर में एक महिला के घर में एक युवक ने ज़बरदस्ती घुसने की कोशिश की। पड़ोसियों ने संदिग्ध हरकत देखी और बीच-बचाव कर आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पड़ोसियों ने उसे स्थानीय पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।

एक अन्य घटना में देवनहल्ली में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर स्थानीय मंदिर ले जाया गया और नवीन, वेंकटरमना और रेणुका नाम के तीन लोगों ने उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और सबूतों तथा गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पुष्टि की है कि तीनों संदिग्ध हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित