नयी दिल्ली , अगस्त 7 -- निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कर्नाटक में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यक्रम में संशोधन करते हुए महत्वपूर्ण समय-सीमाओं को बढ़ा दिया है। आयोग ने अद्यतन मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि को आगे बढ़ाकर 27 अक्टूबर, 2026 कर दिया है।
आयोग से जारी आदेश में कहा गया है कि कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध के बाद आयोग ने इस संशोधित कार्यक्रम को मंजूरी दी है। यह आदेश 1 अक्टूबर, 2026 को अर्हता तिथि मानकर किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित 14 मई और 15 जुलाई, 2026 के पूर्व दिशा-निर्देशों के संदर्भ में जारी किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारियों के घर-घर सत्यापन और मतदान केंद्रों का पुनर्गठन अब 17 अगस्त तक जारी रहेगा। इसके बाद प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 24 अगस्त को किया जाएगा। आम जनता और राजनीतिक दलों के लिए दावे तथा आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 24 अगस्त से 23 सितंबर तक तय की गई है। प्राप्त दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 22 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी, जिसके बाद 27 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
आयोग ने कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित अधिकारियों को इस संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी जाए और उपलब्ध मीडिया माध्यमों से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही राज्य की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी इन बदलावों के बारे में लिखित रूप में सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित