बेंगलुरु , अक्टूबर 23 -- कर्नाटक में चुनाव आयोग को मतदाताओं के विवरण को जोड़ने, हटाने और उनमें सुधार करने से संबंधित 25.87 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत सुनवाई पूरी होने के बाद 27 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जायेगी।

आवेदनों की संख्या ने अंतिम सूची के प्रकाशन से पहले मतदाता रिकॉर्ड की जांच-पड़ताल की ओर ध्यानाकर्षित किया है, विशेष रूप से वे जिन्होंने मौजूदा चुनावी प्रविष्टियों में बदलाव की मांग की है।

आयोग के अनुसार, 16 जून से 22 अक्टूबर के बीच 25,87,461 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नये मतदाताओं को शामिल करने के लिए 'फॉर्म 6' के 10,42,863 आवेदन और विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए 'फॉर्म 6ए' के 4,840 आवेदन शामिल हैं।

आयोग को मतदाता सूची में नाम शामिल करने या हटाने पर आपत्तियों से जुड़े 'फॉर्म 7' के 2,28,917 आवेदन प्राप्त हुए जबकि नाम और पते जैसी जानकारियों में सुधार के लिए 'फॉर्म 8' के 13,10,841 आवेदन प्राप्त हुए।

आयोग ने बताया कि संशोधन प्रक्रिया के दौरान जारी किए गए सभी नोटिसों से जुड़ी सुनवाई की प्रक्रिया पूरे राज्य में पूरी हो चुकी है और इस स्तर पर कोई भी मामला लंबित नहीं है। आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर को समाप्त हो गयी।

आयोग ने बताया कि 23 सितंबर तक प्राप्त फॉर्म 7 के सभी आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया गया और जांच के बाद उनका निपटारा किया गया। इन आवेदनों की गहन जांच की गयी है। सूचना वितरण एवं सुनवाई की प्रक्रिया सभी जिलों में पूरी हो गयी है, जिसमें बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु उत्तर, मध्य बेंगलुरु एवं बेंगलुरु दक्षिण और साथ ही ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण के सभी क्षेत्र शामिल हैं।ए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित