मैसूर , अक्टूबर 19 -- कर्नाटक में मैसूर जिले के अदातोर गांव में अराकेश्वर मंदिर की चहारदीवारी पर मस्जिद और क्रॉस की तस्वीर होने से विवाद खड़ा हो गया है। विरोध-प्रदर्शनों के बाद स्थानीय प्रशासन ने इन चित्रों को हटा दिया है और पुलिस ने मंदिर के देखभालकर्ता तथा चित्रकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह घटना के.आर. नगर तालुक में सामने आई, जहां स्थानीय युवाओं ने मंदिर परिसर में धार्मिक प्रतीकों के होने पर आपत्ति दर्ज की और कहा कि इससे भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायतों के बाद, तहसीलदार सुरेंद्र मूर्ति ने मंदिर का दौरा किया और जगह का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रशासन ने उन तस्वीरों को हटाने का आदेश दिया।
पुलिस ने मंदिर प्रशासन का प्रभार संभालने वाली आरती और चित्र बनाने वाले कलाकार विनय के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच चल रही है और परिसर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आयी है, कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कांग्रेस सरकार की आलोचना की और मामले की गहन जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
श्री विजयेंद्र ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से सवाल किया और कहा कि सभी धर्मों के बीच धार्मिक सद्भाव समान रूप से बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पेंटिंग हटा देना ही काफी नहीं है और उन्होंने जवाबदेही तय करने की मांग की।
विपक्ष के नेता आर. अशोक ने भी सवाल उठाया कि इन चित्रों को बनाने की अनुमति किसने दी और राज्य सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि क्या किसी मस्जिद या चर्च के अंदर हिंदू धार्मिक प्रतीकों को इसी तरह दर्शाने की अनुमति दी जाएगी।इस क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र, अराकेश्वर मंदिर का हाल ही में जीर्णोद्धार किया गया है। पुलिस इन तस्वीरों से जुड़ी परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित