बेंगलुरु , अक्टूबर 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने गुरुवार को मैसूरु दशहरा की सजावटी रोशनी की अवधि बढ़ाने के कर्नाटक सरकार के फैसले की आलोचना की है।
श्री अशोक ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की परेशानियों की अनदेखी कर त्योहार पर फिजूलखर्ची को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पानी और बिजली की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण किसानों की फसलें सूख रही हैं। उन्होंने सूखे की स्थिति का सामना कर रहे किसानों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे तक तीन-फेज बिजली की आपूर्ति करने की मांग की।
सजावटी रोशनी की अवधि बढ़ाने की प्रस्तावित योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से कृषि पंप सेटों के लिए बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि किसान अपनी फसलों को बचा सकें। उन्होंने कहा, "आपकी शान-शौकत और दिखावा किसानों की जिंदगी नहीं बदलेंगे। बहुत हो गई फिजूलखर्ची, अब शासन-प्रशासन पर ध्यान दीजिए।" उन्होंने आरोप लगाया कि सजावट पर करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं, जबकि किसान सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार उन खेतों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे तक तीन-फेज बिजली उपलब्ध करायेगी, जहां फसलें सूख रही हैं। उन्होंने सरकार से किसानों की आजीविका पर अधिक ध्यान देने की मांग की।
इस बीच श्री शिवकुमार ने कहा है कि वह कर्नाटक के लिए सूखा राहत की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने बताया कि विपक्षी नेताओं ने भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने की इच्छा जतायी है।
श्री शिवकुमार ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल राज्य के लिए सहायता मांगने संबंधी ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपेगा। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्से सूखे से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की उपलब्धता के अनुसार, दशहरा समाप्त होने और कन्नड़ राज्योत्सव के बीच प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात का समय तय किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित