हुबली , जुलाई 06 -- भारतीय जनता पार्टी के विधायक महेश तेंगिनाकाई ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि गृहलक्ष्मी योजना का बकाया भुगतान करने के बजाय प्रशासन लाभार्थी सूची की समीक्षा कर रहा है, ताकि बकाया किस्तों से जनता का ध्यान भटकाया जा सके।

श्री तेंगिनाकाई ने दावा किया कि सरकार ने गृहलक्ष्मी योजना के तहत करीब पांच हजार करोड़ रुपए का बकाया भुगतान नहीं किया है, जिसमें फरवरी और मार्च 2025 की किस्तें भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा, "लाभार्थी सूची की समीक्षा बाद में करें, पहले गृहलक्ष्मी योजना की बकाया किस्तों का भुगतान करें।" उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की समस्याओं को संज्ञान में लेने के बजाय 'लाभार्थी समीक्षा' का ड्रामा रच रही है।

श्री तेंगिनाकाई ने आरोप लगाया कि नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) ने राज्य की गारंटी योजनाओं के कार्यान्वन में अनियमितताओं की पहचान की थी। कैग ने मांग की थी कि सरकार देरी का कारण बताये तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करे।

उन्होंने कल्याणकारी नीतियों के प्रति सरकार के रवैये की तीखी आलोचना करते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए कहा कि सिर्फ पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में रखने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी थी। उन्होंने जनता से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया ताकि चुनावों में पारदर्शिता आ सके।

उन्होंने कहा कि कल्याणकारी वादे सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए और सरकार को फौरन बकाया राशि जारी करनी चाहिए ताकि लाभार्थियों का सरकार पर भरोसा लौट सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित