बेंगलुरु , सितंबर 07 -- कर्नाटक के कोलार और चिकबल्लापुर जिलों में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तिरुपति तीर्थयात्रा से लौट रहे बेंगलुरु के एक परिवार के चार सदस्यों समेत सात लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कोलार जिले के केजीएफ तालुके में चेन्नई-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे पर दोड्डा कारी गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकार पलट गयी। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार तिरुपति मंदिर के दर्शन के बाद बेंगलुरु लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे में परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान बेंगलुरु के विद्यारण्यपुरा निवासी शरदम्मा (70), दीक्षिता (25), देवेंद्र कुमार (41) और जिष्णु (13) के रूप में हुई है। तीन अन्य यात्री- विकास, नीतू और अद्विका-घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए बांगरपेट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बेथमंगला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
चिकबल्लापुर जिले में हुए एक अन्य भीषण हादसे में सिदलाघट्टा तालुके के कोठानूर गेट के पास श्रमिकों को ले जा रही कार और मिनी मालवाहक वाहन की भिड़ंत हो गयी। हादसे में तीन महिला कृषि मजदूरों की मौत हो गयी। कुल 10 मजदूर मल्लिका अर्जुनपुरा गांव से हुजुगुरु फूल तोड़ने के लिए जा रहे थे, तभी यह टक्कर हुई। तीन महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गये, जिन्हें सिदलाघट्टा तालुका अस्पताल ले जाया गया।
सिदलाघट्टा ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित