तुमकुरु , जून 27 -- कर्नाटक में तुमकुरु जिले में जोगीहल्ली के पास बेंगलुरु-पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को चलती कार में पेट्रोल बम विस्फोट से एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि 23 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना उस समय हुई, जब बेंगलुरु निवासी नागेंद्र और राम्या उल्लास एक किराये की कार में चालक के साथ बेंगलुरु से अंकोला जा रहे थे। ये दोनों बेंगलुरु के एक अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हैं। यात्रा के दौरान निजी मुद्दों को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गयी। विवाद तब और बढ़ गया, जब नागेंद्र ने चलती गाड़ी के भीतर राम्या पर चाकू से हमला कर दिया। बचने के प्रयास में राम्या चलती कार से बाहर कूद गयी। इस प्रयास में वह जख्मी हो गयी। घटना से स्तब्ध चालक ने गाड़ी रोक दी और नीचे उतर गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद नागेंद्र ने कार को अंदर से लॉक कर लिया तभी गाड़ी के भीतर विस्फोट हुआ, जिसके पेट्रोल बम से होने की आशंका है। विस्फोट के कारण कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गयी। नागेंद्र अंदर ही फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घायल महिला को जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तुमकरु के पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित