बेंगलुरु , मई 05 -- कर्नाटक के बेंगलुरु में शिवाजीनगर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते चोरी के सिलसिले में राज्य के मंत्री ज़मीर अहमद खान के परिवार के एक रिश्तेदार समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर 1.13 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आरोपियों की पहचान मंत्री की मां के रिश्तेदार सैयद अमीर और उसके साथी अमीर अहमद के रूप में हुई है। इन पर मंत्री के आवास से लगभग 1.3 किलोग्राम सोने के आभूषण चुराने का आरोप है।

यह मामला 15 अप्रैल को तब सामने आया जब स्टेशन रोड निवासी मंत्री की मां ने शिकायत दर्ज कराई कि अलमारी में रखे सोने के आभूषण गायब हो गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घर में कई रिश्तेदार नियमित रूप से आते-जाते रहते हैं और उनकी मदद करते हैं। उन्होंने संदेह जताया कि परिवार का कोई परिचित इस मामले में शामिल हो सकता है।

शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की और 16 अप्रैल को गोविंदपुरा के एक कॉलेज के पास सैयद अमीर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान, उसने कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया और अपने साथी की संलिप्तता का खुलासा किया। उसे बाद में अदालत में पेश किया गया और पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

उसके बयान के आधार पर पुलिस ने 19 अप्रैल को मथिकेरे से अमीर अहमद को गिरफ्तार किया। उसने भी पूछताछ के दौरान कथित तौर पर अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की।

जांचकर्ताओं ने बताया कि आरोपियों ने चोरी का सोना मथिकेरे और कम्मगोंडनहल्ली की आभूषण दुकानों में गिरवी रखा था। उनकी जानकारी के आधार पर, पुलिस ने 20 अप्रैल को मथिकेरे की एक दुकान से 759 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए। बरामद कीमती सामान की अनुमानित कीमत 1.13 करोड़ रुपेय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित